संभल। सपा सांसद और डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी के चेयरपर्सन जियाउर्रहमान बर्क के आवास से उतारे गए पुराने मीटर को बिजली विभाग के अधिकारियों ने सील करा दिया है। इस मीटर की लैब पर जांच होगी। इससे स्पष्ट है कि विभाग को गड़बड़ी की आशंका है। इसलिए ही जांच कराई जा रही है। स्मार्ट मीटर लगा दिया गया है।
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि स्मार्ट मीटर तो सांसद के आवास पर लगा दिया गया है लेकिन जो पुराना मीटर लगा था उसको सील कराया है। इस मीटर की जांच कराई जाएगी। यदि इस मीटर से छेड़खानी की गई होती तो उसकी जानकारी सामने आ जाएगी। भारी पुलिस फोर्स के साथ मीटर लगाने के सवाल पर अधीक्षण अभियंता ने कहा कि इस इलाके में 80 प्रतिशत से ज्यादा लाइनलॉस होता है। कर्मचारी और अधिकारी चेकिंग करने के लिए नहीं आते थे। इसलिए एहतियाती तौर पर फोर्स के साथ मीटर बदलने के लिए पहुंचे। बताया कि सांसद के आवास के आसपास मीटर बदलने के साथ ही आर्मर्ड केबल भी खींचा गया है।
000
सांसद ही हैं रिवैंप योजना के चेयरपर्सन, फिर इतनी फोर्स क्यों
जिले में चल रही बिजली विभाग की रिवैंप योजना के चेयरपर्सन सांसद हैं। इस योजना के लिए डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी के का गठन 22 अगस्त को किया गया था। इसमें चेयरपर्सन सांसद के अलावा सह चेयरपर्सन बदायूं सांसद आदित्य यादव, सदस्य जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, चंदौसी विधायक व राज्यमंत्री गुलाब देवी, असमोली विधायक पिंकी यादव, गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी यादव व संयोजक अधीक्षण अभियंता हैं। सदस्य सचिव डीएम हैं। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में मीटर बदलने की कार्रवाई पर हर किसी की जुबान पर यही सवाल रहा कि जिस योजना का चेयरपर्सन है उसके घर मीटर बदलने के लिए इतनी फोर्स क्यों लगानी पड़ी। एएसपी ने बताया कि एहतियाती तौर पर यह फोर्स लगाई गई।
000
पुराना मीटर सांसद आवास से उतारकर सील कर दिया गया है। उसकी जांच कराई जाएगी। यदि कोई गड़बड़ी होगी तो जानकारी जांच के बाद सामने आ जाएगी। भारी फोर्स के साथ एहतियाती तौर पर गए थे। हालांकि शांतिपूर्ण माहौल में कार्य किया गया है। -विनोद कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, संभल
000
मीटर बदलने के लिए कोई भी कर्मचारी आ सकता था। जिस योजना में यह मीटर बदला गया है। सांसद उस योजना के लिए गठित कमेटी के चेयरपर्सन हैं। इतनी फोर्स क्यों आई यह बात समझ नहीं आ रही है। -ममलुकुर्रहमान बर्क, सांसद के पिता