संभल के असमोली गांव में एक बेटे के शादी से इनकार करने पर परेशान हुए पिता ने फंदे से लटक कर जान दे दी। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि बेटे के शादी से इनकार करने पर ही आहत हुआ था। इसके बाद दोनों में विवाद हो गया था। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को फिलहाल मामले की सूचना नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे के करीब असमोली थाना क्षेत्र के 55 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसके बेटे की बरात 10 फरवरी को जानी तय है। अब बेटे ने शादी से इनकार किया तो इसी बात पर कहासुनी हो गई।
युवक पहले से ही है शादीशुदा
ये भी बताया जा रहा है कि युवक ने दूसरी युवती से पहले ही कोर्ट मैरिज की हुई है और उसने अपने पिता से दूसरी शादी करने से इनकार कर दिया। समाज में बेइज्जती के डर से खेत पर जाकर पेड़ में रस्सी का फंदा लगाकर पिता ने जान दे दी।
ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस का पुष्पा स्टाईल: 20 लाख के माल के साथ तस्करों को जेल भेजा
शादी की खुशियां गम में बदली
गांव के एक युवक ने व्यक्ति को लटका हुआ देखा तो पीड़ित परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में फंदे से नीचे उतारा और निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में शादी की खुशियों का माहौल अब गम में तब्दील हो गया है। फिलहाल, घटना की शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।