संभल। जिले के किसानों को एक ही छत के नीचे कृषि संबंधी सभी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए जनपद में सात कृषि केंद्र (एग्री जंक्शन) बनाए जाएंगे। इन पर बीज, खाद, लघु कृषि यंत्रों को किराए पर उपलब्ध कराना आदि कृषि निवेशों आदि सुविधाएं किसानों को मिलेंगी। किसानों के मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से उन्हें उर्वरक के उपयोग की भी जानकारी दी जाएगी। एग्री जंक्शन स्थापित किए जाने के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्री जंक्शन) योजना में प्रशिक्षित कृषि उद्यमी को बैंकों से ऋण सहायता, खाद बीज एवं कीटनाशकों के लाइसेंंस फीस के व्यय की पूर्ति करना, एक वर्ष के लिए परिसर के किराये के लिए 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 1000 रुपये प्रतिमाह का अनुदान दिया जाएगा। उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।
यह केंद्र जनपद के सभी विकास खंडों में स्थापित होंगे। एग्री जंक्शन स्थापित करने के लिए आवेदन कृषि स्नातक, कृषि व्यवसाय प्रबंधन स्नातक, डिप्लोमाधारक, कृषि विषय में इंटरमीडिएट होना चाहिए। आयु 40 वर्ष से अधिक न हो और अनुसूचित जाति जनजाति को पांच वर्ष की छूट मिलेगी। इसके लिए आवेदन उप कृषि निदेशक कार्यालय से प्राप्त कर अंतिम तिथि 15 जुलाई तक जमा करा दें। अधिक जानकारी उप कृषि निदेशक कार्यालय से की जा सकती है।