संभल। बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए सोमवार को भाकियू असली के नेतृत्व में किसानों ने नगर के मुख्य बिजलीघर का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विजिलेंस टीम किसानों का उत्पीड़न का उत्पीड़न कर रही है। एफआईआर दर्ज की जा रही है। शेड्यूल के हिसाब से बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी चौधरी संजीव गांधी ने कहा कि किसानों की फसलें सूख रही हैं। लाइन जर्जर हैं जो बदली नहीं जा रही। ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है। मीटर जबरन लगाए जा रहे हैं। धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों से एसडीएम विनय कुमार मिश्र ने वार्ता की और आश्वासन दिया कि वह इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराएंगे। इसके बाद धरना प्रदर्शन खत्म किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, जयवीर सिंह यादव, दिनेश सिरोही, सुलेमान, वारिस, दिलशाद अली, हाजी महमूद, निकसम चौधरी, सत्यवीर सिंह, सरदार मुकेश, हाजी बाबू, अमरपाल यादव, अर्जुन आदि मौजूद रहे।