संभल। क्षेत्र के गांव भटौला में सोमवार को आयोजित भाकियू असली की बैठक में औद्योगिक गलियारे के लिए चिह्नित भूमि के अधिग्रहण का विरोध करने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष राजपाल यादव ने कहा कि सरकार उपजाऊ जमीन को किसानों से औने-पौने दामों में खरीदकर उद्योगपतियों को महंगे दामों में बेच रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजीव गांधी ने कहा कि वर्ष-2016 से आज तक संबंधित क्षेत्र में जमीन का सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया है। यह किसानों के साथ सरासर नाइंसाफी है। जमीन का सर्किल रेट से दस गुना रेट है, जबकि अधिग्रहण में सर्किल रेट का केवल चार गुना ही मुवावजा मिलता है।
किसानों के साथ इससे बड़ा कोई धोखा नहीं हो सकता है। पंचायत में सर्वसम्मति से तय किया गया कि किसान इस तरह से एक इंच भी जमीन नहीं देंगे। इस दौरान जयवीर यादव, चंद्रप्रकाश शर्मा, रामकिशन, दोजी पधान, गनपत, विनय सैनी, मुस्ताक अहमद, पातीराम सैनी, राम सिंह खड़कवशी, जसंवत सिंह आदि रहे। संवाद