संभल आदमपुर रोड पर हुई किसान महापंचायत में मौजूद किसान।
- फोटो : अमर उजाला
किसान महासंघ के तत्वावधान में कश्मीर से कन्याकुमारी के लिए शुरू हुई किसान अधिकार यात्रा शुक्रवार को शाम संभल जिले में प्रवेश कर गई। यात्रा में शामिल किसानों और देश के विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं ने शनिवार की दोपहर को संभल की धरती पर संघर्ष की हुंकार भरी। उन्होंने मोदी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया। डा. स्वामीनाथ आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक उपज का डेढ़ गुना मूल्य मांगा गया।
संभल स्थित उवैस कोल्ड स्टोरेज के परिसर में शनिवार को दोपहर ढाई बजे किसान महापंचायत शुरू हुई। महापंचायत में भाकियू असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह, भाकियू हरियाणा के अध्यक्ष गुरनाम सिंह, भाकियू एकता पंजाब के अध्यक्ष जगजीत सिंह, हरियाणा के किसान नेता सुरेश कौंथ, जम्मू कश्मीर के किसान नेता हामिद मलिक ने संबोधित किया।
किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की दुर्दशा चुनाव से पहले भाजपा ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने और किसानों को उपज का डेढ़ गुना दाम दिलाने का वादा किया था पर निभाया नहीं। महापंचायत के दौरान पाकिस्तान से चीनी मंगाने के फैसले पर केंद्र सरकार को घेरा गया।
उपज का वाजिब मूल्य न मिलने पर आक्रोश व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाजी जुबैर ने की। संचालन महक सिंह और अमर सिंह देवल ने किया।