संभल। असमोली के गांव दुगावर निवासी किसान शर्मा सैनी (53) का शव मंगलवार की सुबह जंगल में अमरूद के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की।
थाना क्षेत्र के गांव दुगावर निवासी शर्मा सैनी सोमवार को पत्नी प्रमोद देवी के साथ खरसौली गांव में गए थे। शाम को वहां से लौटने के बाद करीब साढ़े छह बजे वह गाजर की फसल को देखने के लिए कहकर घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए। परिजनों को चिंता हुई तो उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह परिजनों ने उनकी फिर तलाश की तो उनका शव पड़ोसी किसान के खेत में अमरूद के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर सीओ संतोष कुमार सिंह और थाना प्रभारी हरीश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि आत्महत्या ही लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हकीकत सामने आएगी। फिलहाल परिजनों ने जो तहरीर दी थी, उसी के आधार पर शव का पंचनामा भरा गया था।