तमाम जागरूकता के बावजूद पीएम किसान सम्मान निधि लेने वाले लाभार्थी ई-केवाईसी में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। 1.33 लाख किसान ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे किसान 31 जुलाई तक ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो उनकी सम्मान निधि की 12वीं किस्त रुक जाएगी।
संभल जिले में 2.98 लाख किसान प्रधानमंत्री सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं जबकि ई-केवाईसी केवल 1.65 लाख किसानों ने ही कराई है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि यह योजना केंद्र सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दिसंबर 2018 में लागू की थी। हर किसान परिवार को तीन किस्तों में 6000 रुपये सालाना खाते में सीधे ट्रांसफर किए जाते हैं। सरकार के आदेशानुसार प्रत्येक लाभार्थी किसान को ई-केवाईसी करवाना जरूरी है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसानों को जागरूक करने के लिए प्रत्येक तहसील के एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारी लगे हैं। अंतिम समय में सर्वर काफी व्यस्त हो जाता है, इसलिए किसानों से अपील है कि जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी करा लें।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले किसान 31 जुलाई तक हर हाल में ई-केवाईसी करवा लें। अन्यथा इस योजना के लाभ से वह वंचित रह जाएंगे। अभी तक 1.33 लाख किसानों ने ई-केवाईसी नहीं कराई है।
हीरा सिंह जीना, उप कृषि निदेशक संभल