गले में रस्सी का फंदा डाल पहुंचे किसान
- फोटो : अमर उजाला
संभल की गुन्नौर तहसील में चकबंदी विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों से परेशान होकर ईसमपुर डांडा गांव के किसान विरोध दर्ज कराने के लिए शनिवार को गले में रस्सी का फंदा डालकर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गए। किसानों को इस हाल में देखकर वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। किसानों ने चकबंदी विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और सुनवाई नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी। एसडीएम ने किसानों की समस्या सुनकर मंगलवार को हर हाल में समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव ईसमपुर डांडा में इन दिनों चकबंदी चल रही है। ऐसे में आए दिन कोई न कोई किसान चकबंदी विभाग की मनमानी की शिकायत लेकर तहसील पहुंच ही जाता है। शनिवार को ईसमपुर गांव के ही ओमकार सिंह, अवधेश कुमार, देवकीनंदन, महेंद्र कुमार, जयवीर सिंह और महेश कुमार एसडीएम रामकेश धामा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में पहुंचे। इन किसानों के गले में रस्सी बंधी थी।
किसानों ने एसडीएम के समक्ष पेश होकर चकबंदी विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि नक्शे के अनुरूप चकबंदी नहीं की जा रही है। पैसे लेकर मनमुताबिक चक दिए जा रहे हैं। शिकायत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। इसके अलावा भी कई गंभीर आरोप किसानों ने तहसील दिवस में एसडीएम के सामने लगाए।
परेशान किसानों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी। एसडीएम रामकेश धामा ने मौके पर चकबंदी विभाग की टीम को बुलाया। इस दौरान चकबंदी विभाग ने भी किसानों पर आरोप लगाए। शिकायत का संज्ञान लेकर एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि मंगलवार तक हर हाल में समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
ईसमपुर डांडा के कुछ किसान आए थे, उनका कहना है कि नक्शे के आधार पर उनको चक नहीं दिए जा रहे हैं। इसके अलावा भी उनकी कई समस्याएं हैं। मंगलवार को चकबंदी विभाग और तहसील की टीम गांव पहुंच हर हाल में समस्या का समाधान कराएगी। -रामकेश धामा, एसडीएम गुन्नौर