बहजोई (संभल)। कार की टक्कर से सड़क पर पैदल जा रहे किसान की मौत हो गई। हादसा मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई के पास हुआ। वहीं पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे करीब मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई-बबराला के बीच साटा बाग के पास कार की टक्कर से पैदल जा रहा किसान हरी सिंह पुत्र सूखे (30) निवासी गांव ढकारी कोतवाली बहजोई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन वर्मा ने घायल हरी सिंह को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई गोविंद राम ने बताया कि हरी सिंह गांव से कृषि कार्य से बहजोई जा रहा था। बहजोई से बबराला की ओर जा रही तेज गति कार ने हरी सिंह को टक्कर मार दी। इससे हरीसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसने दम तोड़ दिया। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार पुलिस के कब्जे में है। चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।