संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में पेड़ पर किसान का शव लटका मिला। बुधवार की सुबह में इसकी जानकारी परिजनों को हुई। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाया गया। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई करने से मना कर दिया। जिस पर शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया गया। गांव में चर्चा है कि मृतक की अपनी पत्नी से कहासुनी होती रहती थी।
हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान घर पर रहकर खेती-किसानी का काम करते था। किसान अपनी पत्नी और अपने पांच बच्चों के साथ पिता से अलग रह रहा था। मंगलवार की देरशाम वह घर से निकला था और घर नहीं लौटा। बुधवार की सुबह किसान का भाई जंगल गया तो आबादी के निकट आलू के खेत में पेड़ पर शव लटका दिखाई दिया। शव देखकर उसके होश उड़ गए। ग्राम प्रधान को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस को जानकारी मिली।
थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया गया। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गांव में चर्चा है कि मृतक की अपनी से अनबन रहती थी। अनबन का कारण क्या था, इसके बारे में ग्रामीण बताने को तैयार नहीं है।