धनारी। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर छोइया के पुल के पास बाइक छोटे हाथी की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार एक किसान की मौत हो गई। उसका बेटा व अन्य ग्रामीण घायल हो गए। किसान की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुुरा हाल है।
धनारी थाना क्षेत्र के रामनगर उर्फ कनुआ नगला निवासी दौलतराम (35) अपने बेटे अर्जुन सिंह (12) , गांव निवासी अमर सिंह के साथ बहजोई थाना क्षेत्र के कैलादेवी में अपनी रिश्तेदारी में भात देने गए थे। भात देकर तीनों बाइक से शुक्रवार की रात करीब आठ बजे वापस लौट रहे थे।
आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर धनारी थाना क्षेत्र के छोइया नदी के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को सीएचसी बहजोई में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने दौलतराम को हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय दौलतराम ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी चालक छोटा हाथी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है। दोनों घायलों का उपचार निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। मृतक किसान के तीन बच्चे हैं। मृतक की पत्नी रामवती का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक के भाई इन्दुपाल ने छोटे हाथी के चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।