चंदौसी/बहजोई। बहजोई के मोहल्ला बम्बा रोड पर कोरोना संक्रमित मरीज की जांच के बाद टीम ने कोरोना लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती कराने की सलाह दी। विरोध पर परिजनों ने राजनीतिक दबाव बनाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि मरीज के परिजनों ने चिकित्सक, पुलिस और एंबुलेंस स्टाफ से अभद्रता की। चिकित्सक ने मरीज, उसके बेटे, बेटी व दामाद के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बहजोई के मोहल्ला निवासी मूलचंद ने 21 अप्रैल को सीएचसी में एंटीजन किट से कोरोना की जांच कराई थी। जांच में रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। इसके बाद टीम ने उन्हें होम आइसोलेट कर दिया था।
सीएचसी बहजोई के मेडिकल आफिसर डॉ. विपिन सागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होम आइसोलेशन के बाद मरीज ने बहजोई में एक रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में हिस्सा लिया था। सूचना पर टीम उनकी जांच के लिए घर पहुंची। हालत ठीक न मिलने पर कोरोना लेवल-2 हॉस्पिटल में भर्ती की सलाह दी।
आरोप है कि परिजनों ने राजनीतिक लोगों से धमकी दिलाई। उन्होंने पूरे मामले से डीएम संभल और पुलिस को अवगत कराया। डीएम के निर्देश पर चिकित्सकों के साथ बहजोई थाने की पुलिस भी कोरोना मरीज के घर पहुंच गई। वहां मरीज के बेटे, बेटी, दामाद ने चिकित्सक, पुलिस, एंबुलेंस स्टाफ के साथ अभद्रता की और नौकरी से निकलवाने की धमकी है। चिकित्सक डॉ. विपिन सागर ने तहरीर देकर कोविड- 19 के नियमों का पालन न करने, चिकित्सक व पुलिस टीम से अभद्रता के मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर मरीज मूलचंद, बेटे मोहित, बेटी व दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।