संभल। असमोली थाना क्षेत्र के मंसूरपुर माफी चौकी क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम हंगामा हो गया। एक युवक को एक किशोरी के घर में परिजनों ने पकड़ लिया। जिसके बाद परिजनों ने दोनों को कमरे में बंधक बनाकर निकाह कराकर विदा कर दिया। मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि गांव के युवक और किशोरी के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध था। सोमवार शाम किशोरी ने प्रेमी को घर बुलाया था। इसी दौरान परिजन घर पहुंच गए और दोनों को एक साथ देख लिया। आक्रोशित परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी और दोनों को कमरे में बंद कर दिया। हंगामे की सूचना पर गांव में भीड़ जुट गई। बाद में दोनों पक्षों के लोगों ने आपसी सहमति से दोनों का निकाह कराने का फैसला लिए।
प्रेमी के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया और किशोरी का निकाह कराकर उसे प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया। इधर, किशोरी के नाबालिग होने की चर्चा के चलते यह निकाह गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का विषय बना हुआ है। इस बारे में थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। सीओ अमन सिंह ने बताया कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कोई शिकायत मिलेगी तो जांच कराई जाएगी।