फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: भाजपा राज में हर भर्ती में घोटाला, आरक्षण की लूट और पेपर लीकः चंद्रशेखर

Wed, 30 Sep 2026 01:49 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
चंदौसी (संभल)। नगीना के सांसद आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा सरकार में ऐसी एक भी भर्ती नहीं जिसमें घोटाला न हुआ हो। एक भी भर्ती ऐसी नहीं जिसमें दलित-पिछड़ों का आरक्षण न लूटा गया हो। एक भी भर्ती ऐसी नहीं जिसका पेपर लीक न हुआ हो। भाजपा ने कहा था अच्छे दिन आएंगे लेकिन अच्छे दिन सिर्फ पूंजीपतियों और भाजपाइयों के आए। जनता के तो बुरे-से-बुरे दिन आ गए। जनता रोजी-रोटी के लिए तरस रही है।
विज्ञापन


वह मंगलवार को यहां मौलागढ़ के मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। चौतरफा भीड़ से भरे मैदान और नारों की तेज गूंज के बीच उन्होंने पूरे संबोधन में जोशीला तेवर बरकरार रखा। साथ ही पूरे समय केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार उनके निशाने पर रही।

युवाओं की नब्ज पर हाथ रखते हुए उन्होंने कहा कि आज चारों तरफ अंधेरा है। नौजवान के हाथ में डिग्री है लेकिन जेब खाली है। मां-बाप ने खेत बेचकर, मजदूरी करके बच्चों को पढ़ाया लेकिन आज वही नौजवान सड़क पर भटक रहा है। प्रधानमंत्री मन की बात करते हैं लेकिन जनता के मन की पीड़ा नहीं सुनते।
विज्ञापन


यूपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जहां सरकार को युवाओं को रोजगार देना चाहिए, वहां मस्जिदों के नीचे मंदिर खोजे जा रहे हैं। यह मोहब्बत की जगह नफरत बोने और हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ने की साजिश है।

युवाओं के आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस देश का नौजवान बहुत बड़ी ताकत है। इन्हीं नौजवानों ने 24 घंटे के अंदर भाजपा सरकार को घुटनों पर लाने का काम किया। अब वक्त है नीले झंडे की ताकत को पहचानने का, यही एक मशाल है जो संसद में युवाओं, दलितों, गरीबों, महिलाओं और कमजोरों की आवाज बन सकती है।

00

... पुलिस से पहले पहुंचती है भीम आर्मी

चंद्रशेखर ने कहा कि जब-जब दलितों, गरीबों और मजलूमों पर जुल्म हुआ, जब-जब आपके अधिकारों पर हमला हुआ तब-तब पुलिस से पहले भीम आर्मी पहुंची और आंसू पोछने का काम किया। जो लोग कभी पुलिस के सिपाही को देखकर डरते थे, आज वही भीम आर्मी कार्यकर्ता के रूप में पुलिस अधिकारियों के सामने सीना तानकर न्याय की लड़ाई लड़ते हैं।



चंद्रशेखर आजाद का घोषित कार्यक्रम कार्यकर्ता सम्मेलन का था लेकिन बड़े मैदान में जुटी भीड़ से माहौल जनसभा या रैली जैसा नजर आया। तय समय से करीब तीन घंटे की देरी से दोपहर 2.05 बजे चंद्रशेखर मंच पर पहुंचे लेकिन इस बीच परिसर में जुटे लोगों में से कोई टस से मस नहीं हुआ। मंच और नेता के करीब पहुंचने की होड़ में भीड़ की दौड़ से दो स्थानों पर बैरिकेडिंग के लिए लगीं बल्लियां तितर-बितर हो गईं। कुछ देर के लिए पुलिस का सुरक्षा घेरा बिखरा-बिखरा नजर आया। स्थिति देख चंद्रशेखर ने खुद पुलिसकर्मियों से कहा कि भीड़ में से कुछ लोगों को डी तक आने दिया जाए। इसके बाद मंच की ओर भीड़ के भगदड़ जैसे रुख के कारण कई लोग दब गए और बमुश्किल भीड़ बाहर निकल सके। जोश से भरे कई युवा मंच का सीधा नजारा देखने के लिए पेड़ों पर चढ़ गए। कुछ टेंट पर चढ़कर नारेबाजी करते दिखाई दिए।





मंच के करीब पहुंचने वाली भीड़ के दबाव में घिरे-दबे लोगों में से कुछ चिल्लाने लगे। मंच के सामने भी धक्का-मुक्की के बीच चीख-पुकार जैसा दृश्य बना। इस पर बेकाबू भीड़ को काबू करने के लिए चंद्रशेखर को अपना भाषण करीब 15 मिनट रोकना पड़ा। मंच से बार-बार भीड़ से पीछे हटने और शांत रहने की अपील करते रहे। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

मंच पर पार्टी पदाधिकारियों के अलावा कई ग्राम प्रधान भी रहे मौजूद

चंदौसी। आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए बने विशाल मंच पर 20 से अधिक पदाधिकारी और आसपास के ग्राम प्रशासक (प्रधान) मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान मंच पर उपस्थित रमेश कुमार गंधर्व को चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बनाने की घोषणा भी की गई। कुछ अन्य स्थानों के प्रत्याशी, मंडल और प्रदेश स्तरीय बड़े पदाधिकारी भी मंच पर मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, पुष्पेंद्र राणा, इकबाल, विजय पुष्कर, राजकुमार यादव, राजन गौतम, सचिन चौधरी, शहजाद खान, बकार अहमद समेत अन्य पदाधिकारी थे। संवाद



चंदौसी। जिस मैदान में आजाद समाज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ वह दरअसल खेत है। पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने मंच से अपने संबोधन के दौरान खेत स्वामी का नाम लेते हुए कहा, इस कार्यक्रम के लिए महावीर जी ने अपना खेत देकर जो मदद की है, उसका अहसान जरूर चुकाएंगे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें