संभल। असमोली थाना क्षेत्र के गांव चकिया में चोरी की झूठी सूचना देने वाले दो भाईयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने भांजे की शादी में खर्च करने से बचने के लिए पुलिस को चोरी की झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो हकीकत सामने आ गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों भाईयों को हिरासत में ले लिया है। शनिवार को असमोली थाना क्षेत्र के गांव चकिया निवासी विपिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि शुक्रवार की रात को किसी समय अज्ञात चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकबजनी कर 20 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर समेत 80 हजार रुपये का माल चोरी हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो मामला संदिग्ध निकला। गहनता से पूछताछ करने पर हकीकत बयान कर दी।
आरोपी विपिन ने बताया कि उसके भांजे की 20 नवंबर को शादी होनी है। जिसमें भात की रस्म करनी थी। इस रस्म में काफी खर्च करना पड़ता। इसलिए कम खर्च करने के लिए छोटे भाई सुधीर के साथ मिलकर चोरी होने की झूठी सूचना पुलिस को दी।
दरअसल आरोपी विपिन ने पुलिस को बताया था कि वह भात में रुपये खर्च करने के लिए 20 हजार रुपये ससुर से लाया था। लेकिन पुलिस पूछताछ में ससुर ने कोई भी रुपया नहीं देने की बात कही। जिसके बाद हकीकत सामने आ गई। थानाध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि आरोपी दोनों भाईयों पर कार्रवाई की गई है।