संभल में वेयर हाउस के प्रथम तल पर दीवार को कई जगह से तोड़कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद तारिक की तहरीर पर दर्ज इस रिपोर्ट में राज्य सहकारी निर्माण संघ के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शहजादी सराय में ईवीएम/वीवीपैड नवनिर्मित वेयरहाउस का निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय सहकारी निर्माण संघ प्रखंड मुरादाबाद के द्वारा कराया जा रहा है। प्रथम तल पर दीवार को संस्था के द्वारा कई जगह तोड़ा गया है। जिस कारण बारिश का पानी अंदर तक गया। जिससे वीवीपैड मशीन की सुरक्षा प्रभावित हुई है।
रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के तहत परिसर में बनाए गए चैंबर के हॉल को भी व्यवस्थित नहीं किया गया है। इसी लापरवाही के चलते अधिशासी अभियंता योगेंद्र बहादुर सिंह और सहायक अभियंता ओमप्रकाश सैनी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मालूम हो बुधवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निरीक्षण किया था। इस दौरान कई कार्यों में खामियां मिली थीं। इसको लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी भी जाहिर की थी।