पांच केंद्रों पर जांची जा रही कॉपियां, मूल्यांकन केंद्र के बाहर पुलिसकर्मी तैनात
चंदौसी। यूपी बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार को पांच केंद्रों पर शुरू हो गया। मूल्यांकन से पहले परीक्षकों व उपप्रधान परीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सुरक्षा की दृष्टि से मूल्यांकन केंद्रों के बाहर पुलिस कर्मी तैनात रहे।
बुधवार को यूपी बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल और इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन जिले में पांच केंद्रों पर किया गया। जिसमें एसएम इंटर कॉलेज में इंटर की 1901 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच 115 परीक्षकों ने की। वहीं शंकर भूषण जनता इंटर कॉलेज संभल में इंटर की 2618 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 103 परीक्षकों ने किया। जबकि हीरा देवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 2248 कॉपियों का मूल्यांकन 140 परीक्षकों ने किया। जबकि आचार्य मुक्तेश हकीम रईस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 4430 कॉपियों का मूल्यांकन 148 परीक्षकों ने किया। वहीं इंटरमीडिएट कॉलेज बहजोई में हाईस्कूल की 5118 कॉपियों की जांच 87 परीक्षकों ने की। केंद्रों पर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की पाबंदी रही। डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि मूल्यांकन कार्य में 124 उपप्रधान और 1171 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। एक परीक्षक द्वारा प्रतिदिन हाईस्कूल की 50 और इंटर की 45 कॉपियां जांची गई है।
डीएम ने किया मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण
चंदौसी। यूपी बोर्ड 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य बुधवार को पांच केंद्रों पर शुरू हो गया। मूल्यांकन कार्य के पहले दिन डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मूल्यांकन केंद्र हीरा देवी तोता राम कन्या इंटर कॉलेज बहजोई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के समय परीक्षकों द्वारा शब्दों की त्रुटियों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस पर डीएम ने संबंधित को निर्देश देते हुए बताया कि मूल्यांकन कार्य गुणवत्ता पूर्ण किया जाए। साथ ही व्याकरण व शब्दों और वाक्यों की त्रुटियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। डीएम ने डीआईओएस श्यामा कुमार को निर्देश दिए कि परीक्षकों के साथ उत्तर पुस्तिकाओं के गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन को लेकर एक बैठक 20 मार्च को की जाए ।