चंदौसी। नगर पालिका चंदौसी के पहले के ईओ ने नया कारनामा किया था। पेयजल योजना के कार्य में आठ माह पहले जोन-पांच (करेली ओवर हैड टैंक से जुड़े क्षेत्र) के लिए ईओ ने जलकल जेई की टेक्नीकल रिपोर्ट नहीं ली और खुद ही उसे हैंडओवर कर लिया। जोन में पेयजल कनेक्शन, लीकेज व अन्य खामियां थीं। ईओ का ट्रांसफर हुआ तो धीरे धीरे मामला सामने आया। जेई ने भी रिपोर्ट दिए जाने से इंकार कर दिया। अब जलनिगम और नगर पालिका के जलकल जेई जोन-पांच की खामियाें को दूर करने और मामले को निपटाने में लगे हैं।
चंदौसी नगर पालिका में अमृत योजना 2017 में स्वीकृत हुई थी। योजना के तहत पेयजल पाइप लाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक बनाने का काम 2019 से चल रहा है। यह जून 2020 तक कार्य पूरा होना था पर मार्च 2023 तक जलनिगम शहर में पाइप लाइन बिछाने और पांच ओवरहेड टैंक बनाने का काम कर पाई पर इसके बाद पाइप लाइन लीकेज और घर घर कनेक्शन की समस्या आई। मार्च 2023 में जलनिगम ने पेयजल योजना के जोन एक (तहसील परिसर ओवर हैड टैंक से जुड़े क्षेत्र), जोन तीन ( जलकल विभाग के ओवर हैड टैंक से जुड़े क्षेत्र), जोन पांच (करेली ओवर हैड टैंक से जुड़े क्षेत्र) को पालिका के हैंडओवर का प्रस्ताव दिया। इस पर तत्कालीन ईओ ने नगर पालिका के जलकल जेई अनुज कुमार से जोन एक व तीन पर उनकी रिपोर्ट मांगी। जेई ने भी दोनों जोन की रिपोर्ट तैयार कर ईओ को सौंप दी।
इसके बाद ईओ ने जोन एक और जोन तीन को हैंडओवर कर लिया। इसी के साथ साथ जेई की रिपोर्ट के बिना ही जोन-पांच को भी हैंडओवर कर लिया। इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। उस समय निकाय चुनाव शुरू हो रहे थे और तत्कालीन ईओ का ट्रांसफर हो गया। जोन पांच में पानी के लीकेज, उपभोक्ताओं के कनेक्शन न होने की समस्या आई, तो जलनिगम से शिकायत की गई। जलनिगम ने समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।
साथ ही उस जोन को पालिका के हैंडओवर किए जाने की बात कही। वर्तमान ईओ ने भी जलकल जेई से रिपोर्ट और हैंडओवर किए जाने की जानकारी मांगी गई तो जेई जलकल ने जोन पांच की रिपोर्ट दिए जाने और हैंडओवर लिए जाने की प्रक्रिया से इंकार कर दिया। करोड़ों के प्रोजेक्ट में खामियां होने के बावजूद तत्कालीन ईओ ने उसे हैंडओवर कर लिया था। अब यह पालिका में चर्चा का विषय बना हुआ है।