नरौली/चंदौसी। नगर पंचायत नरौली के कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसमें नगर पंचायत के कर्मचारियों व पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से दुकानों केआगे किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कुछ दुकानदारों ने जेबीसी पहुंचने से पहले ही स्वयं अतिक्रमण हटा लिया।
कस्बे में चार दिन पूर्व नगर पंचायत के कर्मचारियों ने रिक्शे पर लाउडस्पीकर के माध्यम से एनाउंस किया था। इसमें दुकानदारों से स्वयं ही अपनी प्रतिष्ठानों के आगे से स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटाने की बात कही गई थी। शनिवार की शाम चार बजे नगर पंचायत के कर्मचारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। शनिवार वाली बाजार से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान बेहटा साहू चौराहा, मोहल्ला मकूपुरा, धीवरवाली पुलिया, मैन मार्केट तक स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। जेसीबी मशीन ने दुकानों के आगे लगे टीन शेड, चबूतरे आदि को ध्वस्त किया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल नजर आया। कुछ स्थानों पर दुकानदारों ने जेसीबी मशीन पहुंचने से पहले ही अतिक्रमण को स्वयं ही हटा लिया। इस दौरान नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी काफी संख्या में मौजूद रहे।
बबराला कस्बे में बुलडोजर ने हटाया स्थायी अतिक्रमण
दुकानदार नजर आए बेबस, मौके पर ही एसडीएम से जताई नाराजगी
ईओ ने पहले ही मीटिंग कर व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने की दी थी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
बबराला। नगर पंचायत ने कस्बे में एसडीएम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जेसीबी ने स्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। कुछ व्यापारियों ने एसडीएम से नाराजगी भी जताई। ईओ ने अभियान से पहले व्यापारियों के साथ मीटिंग कर स्वयं ही अतिक्रमण हटाने की सलाह दी गई थी।
बबराला नगर पंचायत की ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने शनिवार को व्यापारियों के साथ मीटिंग की। अतिक्रमण हटाओ अभियान से पहले ही स्वयं अपना सामान हटाने, स्थायी अतिक्रमण हटाने की सलाह दी। इसके बाद एसडीएम गुन्नौर रामकेश धामा, पुलिस व नगर पंचायत की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंच गई। अधिकांश दुकानदारों ने पहले ही अपना सामान समेट लिया था। इसके बाद नगर पंचायत की जेसीबी ने बबराला में इंद्रा चौक से रेलवे रोड पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल तक अभियान चलाया। जेसीबी ने दुकानों के आगे नालो के स्लैब,टीन शेड को फ्रेम सहित हटा दिया। इसके साथ ही दुकानों के आगे रखे होर्डिंग्स आदि को भी हटाया गया। अतिक्रमण करने वालों को हिदायत दी कि अगर उन्होंने फिर स्थान घेरा, तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने नाराजगी जताई। पर पुलिस फोर्स के चलते ज्यादा विरोध नहीं कर पाए। रविवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम रामकेश धामा, सीओ देवेन्द्र शर्मा, ईओ पवित्रा त्रिपाठी, कोतवाल बीरेन्द्र पाल आदि रहे।
दातावली रोड से अतिक्रमण हटाया, संभल के मुख्य बाजार में जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। नगर पालिका की ओर से हयातनगर में दातावली रोड से अतिक्रमण हटाया गया है। इस दौरान लोगों में हड़कंप मचा रहा। नगर पालिका की ओर से लगातार अतिक्रमण पर कार्रवाई हो रही है। संभल के मुख्य बाजार में भी जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी। जो दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाएंगे उस अतिक्रमण को ध्वस्त किया जाएगा।
व्यापार मंडल की ओर से एक सप्ताह का समय मांगा गया था। इसमें व्यापार मंडल की ओर से कहा गया था कि वह खुद ही अतिक्रमण हटा लेंगे। जिसके बाद नगर पालिका और तहसील प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान मुख्य बाजार में नहीं चलाया। एसडीएम विनय कुमार मिश्र ने बताया कि शनिवार की शाम को मुख्य बाजार का जायजा लिया है। कई जगह लोगों ने अतिक्रमण हटा लिया है। और कई जगह नहीं हटाया गया है। एसडीएम का कहना है कि व्यापारियों ने जो समय मांगा था। उस समय के अंदर अतिक्रमण हटा लिया जाता है तो ठीक है। अगर नहीं हटाया गया तो कार्रवाई शुरू की जाएगी। अतिक्रमण किसी हाल में नहीं होने दिया जाएगा।