बहजोई। पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक में डीएम अंकित खंडेलवाल राशनकार्ड सत्यापन की प्रथम, द्वितीय व तृतीय चरण की प्रगति की समीक्षा की।
मंगलवार को हुई बैठक में डीएम ने समीक्षा करते हुए पात्र व अपात्र पाए गए राशनकार्डों की स्थिति जानी। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों से यह भी जानकारी ली सत्यापन में अपात्र पाए गए राशनकार्डों को डिलीट किया गया है या नहीं। इस बीच, डीएम ने तहसील, ब्लॉक व आईसीडीएस से जुड़े अधिकारियों को सत्यापन में लंबित राशनकार्डों की प्रक्रिया जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
वहीं, डीएम ने अंत्योदय राशनकार्डों की रिक्तियों की समीक्षा करते हुए हाल में हुई वर्षा व बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। साथ ही, इसको प्राथमिकता के आधार पर अंत्योदय व पात्र गृहस्थी राशनकार्डों के लिए शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिए जाने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने वर्ष 2023-24 व 2024-25 में स्वीकृत अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की ब्लॉकवार समीक्षा की। उन्होंने ऐसे स्थलों की जानकारी हासिल की, जहां निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है अथवा कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। डीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू करें तथा निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों का कार्य जल्द पूरा कराया जाए। वहीं, जिन अन्नपूर्णा भवनों के लिए भूमि अभी तक चिह्नित नहीं हुई है, उनको लेकर डीएम ने पूर्ति निरीक्षकों को संबंधित एसडीएम व तहसीलदार से समन्वय स्थापित कर भूमि चिह्नित कराने के निर्देश दिए। इस बीच, डीएम ने डीएसओ को 10 अक्तूबर तक निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कमियों को समय से दूर कराने को कहा। इसके अलावा, डीएम ने लंबित राशन की दुकान की रिक्तियों की भी समीक्षा कर बीडीओ, डीसी एनआरएलएम व एसडीएम स्तर पर लंबित रिक्त दुकानों के प्रस्तावों की जानकारी भी ली।