चंदौसी। नगर में मुरादाबाद गेट स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर दो सेल्समैन ने करीब 33 लाख रुपये का गबन किया है। आरोपी सेल्समैन पड़ोस की दुकान के सेल्समैन को चाबी सौंपकर फरार हो गए। शराब की दुकानों के क्षेत्रीय संचालक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई, पर अभी फरार हैं।
चंदौसी के मुरादाबाद गेट स्थित अंग्रेजी शराब की दुुकान पर नरौली के पास के गांव निवासी दो युवक सेल्समैन थे। शराब की दुकानों के क्षेत्रीय संचालक वेद प्रकाश अरोरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह सेल्समैनों ने दुकान खोली थी। साफ सफाई करने के बाद उन्होंने मुरादाबाद गेट पर बीयर की दुकान के सेल्समैन को चाबी सौंपकर गायब हो गए।
बिना सूचना के शराब की दुकान बंद करने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय संचालक व अन्य लोग वहां पहुंचे। चाबी लेकर दुकान खोली और दुकान का स्टॉक चैक किया। इसके बाद जानकारी में आया कि करीब 33 लाख रुपये की शराब नहीं है। दोनों सेल्समैन के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, पर आरोपियों का अभी पता नहीं चला है।
क्षेत्रीय संचालक ने बताया कि रोजाना शाम के समय कैश जमा होता है, दुकान पर गाड़ी आती है। रोजाना करीब दो लाख रुपये से अधिक की सेल होती है। पिछले दिनों त्योहार था, इस कारण दुकान की जांच नहीं हो पाई, इसी का आरोपियों ने फायदा उठाया।