संभल। बसपा सरकार में राज्यमंत्री रहे संभल निवासी अकीलुर्रहमान खां के बेटे आमिर के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज किया गया है। बिजली विभाग के मुताबित उनके घर दो एसी अलग केबल से चलते मिले हैं। विजिलेंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसडीओ तृतीय कृष्ण गोपाल ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे टीम के साथ वह चेकिंग करने गए थे। इस दौरान पूर्व मंत्री के आवास पर दो एसी अलग केबल से चलते मिले। मीटर डिस्प्ले भी खराब था। मौके से मीटर को कब्जे में ले लिया है। विजिलेंस थाने में पूर्व मंत्री के बेटे आमिर के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जुर्माना भी वसूला जाएगा।
पूर्व मंत्री ने बताया कि वह लखनऊ में हैं। परिवार के लोग बरेली एक रिश्तेदार की गमी में गए थे। घर पर केयरटेकर था। इस दौरान बिजली टीम आई और चेकिंग में उन्हें मीटर की क्षमता कम मिली। बिजली विभाग की टीम ने लोड ज्यादा होने की जानकारी दी है। मौके पर ही जुर्माना जमा कर दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।