धनारी (संभल)। त्योहार के मौके पर भी क्षेत्र के गांव भिरावटी में करीब 100 से ज्यादा घरों में 36 घंटे से अंधेरा पसरा है। ग्रामीणों ने हिरौनी बिजली उपकेंद्र को सूचना दी, लेकिन फिर भी अभी तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की जा सकी है। जिससे ग्रामीणों में रोष है।
क्षेत्र के भिरावटी गांव में शुक्रवार की सुबह से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने 36 घंटे से बिजली न मिलने पर हिरौनी बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता को सूचना दी, लेकिन शनिवार को भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर लाइन होने से फॉल्ट होते रहते है। जिस कारण आए दिन विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है। शुक्रवार को भी लाइन में फाल्ट होने से गांव के 100 घरों में अंधेरा छा गया। करीब 36 घंटे का समय बीत जाने के बाद भी फॉल्ट को सही नहीं किया गया। अवर अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि एक मोहल्ले में फॉल्ट होने से बंद हो गया है। फॉल्ट को सही कराया जा रहा जल्दी ही बिजली आपूर्ति कर दी जाएगी।