चंदौसी (संभल)। बिजली विभाग ने 15 दिन पहले मोहम्मद गंज में एलटी लाइन के टूटे खंभे का निस्तारण कागजों में कर खेल कर दिया। जबकि मौके पर खंभा टूटा पड़ा है और सप्लाई भी चालू है। ऐसे में विभाग की लापरवाही के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मोहम्मद गंज गांव की विद्युत आपूर्ति मौलागढ़ उपकेंद्र से संचालित होती है। करीब 15 दिन पहले आंधी के चलते हसन खां के घर के सामने लगा एलटी लाइन का खंभा टूटकर जहीर के मकान पर गिर गया। खंभा बदलने के लिए ग्रामीणों ने कई बार उपकेंद्र में संपर्क किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दो मई को गांव के अरशद अली ने टूटे खंभे को बदलने के लिए विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को अरशद ने हेल्पलाइन पर दोबारा संपर्क किया तो बताया कि गया कि उनकी शिकायत का निस्तारण हो गया। उपकेंद्र की ओर से टूटे खंभे को बदल दिया गया है। हालांकि मौके पर अभी भी पोल जहीर के मकान पर झुका पड़ा है और रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। चार पहिया वाहन इधर से नहीं निकल पा रहे हैं। इसमें बिजली सप्लाई चल रही है। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। इसी रास्ते पर प्राइमरी स्कूल के बच्चे भी आते जाते हैं। विभाग की लापरवाही कभी भी आमजन पर भारी पड़ सकती है। इसके बाइ भी पोल को बदला नहीं गया। इस संबंध में अरशद अली ने फिर से अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत का झूठा निस्तारण करना गलत है। जांच कर संबंधित से जवाब मांगा जाएगा। रही बात टूटे खंभे की, उसे भी तत्काल बदलवाया जाएगा। -अजय शुक्ला, एसडीओ