संभल। बिल वसूलने गई विद्युत टीम के साथ गांव मवई ठाकुरान में गाली-गलौज की गई। साथ ही मारपीट भी की। इस मामले में अवर अभियंता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सैदपुर बिजलीघर से मवई ठाकुरान को विद्युत आपूर्ति मिलती है। वर्तमान समय में राजस्व वसूली के लिए अभियान चल रहा है। ऐसे में टीमें वसूलने के लिए गांव-गांव पहुंच रही हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सैदपुर जसकोली विद्युत उपकेंद्र की टीम गांव मवई ठाकुरान में गई थी। पुलिस को बताया कि यहां पर एक उपभोक्ता से बिल जमा करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर कनेक्शन का विच्छेदन किया गया।
इस दौरान टीम में शामिल कर्मियों के साथ गाली-गलौज के साथ मारपीट की गई। थाना प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर इस घटना के बाद विद्युत कर्मियों में रोष है। सख्त कार्रवाई की मांग की है।