चंदौसी। आंधी आने से मंगलवार की रात एक बजे से ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत फीडरों पर आपूर्ति बंद हो गई। बुधवार की सुबह से विद्युत कर्मचारियों ने फीडरों की लाइनों को ठीक किया पर देर शाम तक कई फीडर ठीक नहीं हुए थे और चंदौसी, पवांसा तथा नरौली क्षेत्र के 70 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप रही। अधिकारी ने कहा कि जिन लाइनों को ठीक किया जाना है, अब उन पर गुरुवार को काम होगा।
ग्रामीण क्षेत्र के उपखंड अधिकारी पंकज सिंह का कहना है कि आंधी आने से कहीं इंसुलेटर खराब हुए तो कहीं लाइन टूटी है। कुछ जगहों पर लाइन पर पेड़ की डाल टूट कर गिरी। इस स्थिति से नरौली और एनई फीडर बंद है। दोनों फीडर चंदौसी ग्रामीण सब स्टेशन से जुड़े हुए हैं। इसी तरह से बहजोई देहात फीडर से जुड़े तीस गांवों की बिजली आपूर्ति बंद है।
पवांसा सब स्टेशन की लाइन ठीक हो गई थी, लेकिन उसे दस मिनट चलाने के बाद मौसम खराब होने और बारिश शुरू होने की वजह से एक बार फिर से बंद किया गया। इसे मौसम ठीक होने पर फिर से चालू कर देंगे। एसडीओ का कहना है कि जिन लाइनों को ठीक किया जाना है अब उन पर गुरुवार को काम होगा, लेकिन मौसम खराब रहा तो दिक्कत आएगी।