संभल। नगर में बिजली की अघोषित कटौती लगातार की जा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जो आपूर्ति दी जा रही है उसमें ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी में अघोषित कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। जबकि शासनादेश तो 18 घंटे बिजली दिए जाने का है पर हकीकत में 12-14 घंटे ही आपूर्ति शहरी क्षेत्र को मिल रही है। बिजली विभाग के अधिकारी फाल्ट का हवाला देकर मामला टाल देते हैं।
जबकि भीषण गर्मी में बिजली की किल्लखत लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही। रविवार को सुबह से ही बिजली की ट्रिपिंग समस्या लोगों को परेशान करती रही। एक घंटे में दो से तीन बार ट्रिपिंग और उसमें भी दस से पन्द्रह मिनट की कटौती ने लोगों के पसीने निकाल दिए। लोग लगातार शिकायत कर समाधान की मांग कर रहे हैं। शनिवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संभल सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क और शहर विधायक नवाब इकबाल महमूद ने बिजली आपूर्ति की कटौती को लेकर अवगत कराया था। सुधार का आश्वासन मिला लेकिन समाधान रविवार को भी नहीं हो सका। यह समस्या भीषण गर्मी में ज्यादा परेशान कर रही है। शनिवार और रविवार को होने वाले लॉकडाउन के दौरान लोग घरों में रहते हैं ऐसे में बिजली की किल्लत लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।