धनारी। धनारी सहित आसपास के आठ गांव की बिजली आपूूर्ति पिछले 36 घंटे से ठप है। महावा नदी के पास बिजली के तार टूटकर जमीन पर पड़े हैं। आरोप है कि शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। पहले ही बमुश्किल चार से पांच घंटे बिजली मिल रही थी। बिजली ठप होने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसान परेशान हैं।
धनारी क्षेत्र के गांव में बबराला बिजलीघर से बिजली की आपूर्ति होती है। बिजली की कटौती लंबे समय से लगातार हो रही है। नलकूप फीडरों पर बमुश्किल चार से पांच घंटे बिजली मिल रही है। रविवार की सुबह करीब चार बजे विद्युत लाइन में फाल्ट होने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। तब से क्षेत्र के गांव धनारी पट्टी लाल सिंह, धनारी पट्टी बालू शंकर, चंदपुरा, गौरीपुरा, चूरामन की मड़इयां, कनुआ नगला, गढ़ा, मीना की मड़इयां आदि में बिजली नहीं आ रही है। 36 घंटे से किसान परेशान हैं।
किसानों ने बताया कि रविवार की रात्रि में तीन बार और सोमवार को दिन में दो बार ट्रिपिंग के रूप में मात्र दस मिनट के लिए बिजली आपूर्ति हो पाई। बताया कि धनारी क्षेत्र से आगे महाबा नदी पर हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया था। इसके बाद गांव हरफरी में बिजली कर्मचारियों ने लाइन बंद कर दी थी। लाइनमैन महेश यादव ने बताया कि सुबह महाबा नदी पर 11 हजार केेवी की लाइन के तीनों तार टूट कर गिर गए थे। जिससे हरफरी से लाइन बंद कर दी गई।
किसान जयवीर सिंह, हरपाल सिंह, सतेंद्र कुमार, बिजेंद्र सिंह आदि का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल की सिंचाई चल रही है। बिजली आपूर्ति न होने से गेहूं की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। सिंचाई में देरी होने पर फसल उत्पादन में नुकसान उठाना पड़ेगा। इस क्षेत्र को धनारी बिजलीघर से जुड़वाने के लिए एक्सईएन, सांसद व विधायक से मांग कर चुके हैं, पर कोई समाधान नहीं हुआ।
महावा नदी पर तार टूटा है। इसकी जानकारी मिल गई थी। तार जोड़ने के लिए टीम भेजी जा रही है। देर शाम अथवा मंगलवार की सुबह तार ठीक हो जाएंगे।
जेपी यादव, एक्सईएन बबराला