बहजोई। जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से माह दिसंबर चेकिंग के दौरान दूध व मिठाइयों लिए गए दस नमूने फेल मिले। प्रयोगशाला में जांच के बाद दूध समेत मावा, पनीर व बरफी में फैट कम मिलने का खुलासा हुआ।सहायक आयुक्त खाद्य संजय शर्मा ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से माह दिसंबर में दूध की डेयरियों व मिठाइयों की दुकानों नमूने लिए गए थे। इसके बाद सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। अब प्रयोगशाला से मिली जांच रिपोर्ट में दूध व मिठाइयों के दस नमूने फेल मिले। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से सालिम डेयरी चमन सराय संभल, कोमिल डेयरी नगला चतुर्भानपुर गुन्नौर, प्रियांकुल डेयरी मिलक सेंधरी असमोली व मुजफ्फरपुर हयातनगर में अली अहमद के पिकअप वाहन से दूध के नमूने लिए गए। इसके बाद प्रयोगशाला में जांच के बाद मिली रिपोर्ट में दूध के इन सभी नमूनों में फैट कम मिली। इसके अलावा जावेद पनीर भंडार अशरफपुर, एचोंडा कंबोह से पनीर, रिजवान मिठाई भंडार बदायूं दरवाजा संभल से मावा, मोहम्मदपुर मालिनी में आसिम रसगुल्ले वाले की दुकान से पनीर तथा भागीरथी मिष्ठान भंडार लहरा नगला श्याम जुनावई से बरफी का नमूना लिया गया। जांच के बाद मिली रिपोर्ट में पनीर, मावा व बरफी के इन नमूनों में भी फैट कम मिली। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चौधरी पनीर भंडार हल्लू सराय संभल की दुकान से घी का नमूना लिया गया। इसमें जांच के बाद रिपोर्ट में तिल के तेल तथा असुरक्षित व हानिकारक तत्वों को मिश्रण मिला। वहीं जैनुल स्वीटस शेरखां संभल की दुकान से लिए गए सोहन पापड़ी के नमूने में जांच के बाद खराब रिफाइंड पाया गया। सहायक आयुक्त ने बताया कि इन सभी दुकानदारों व डेयरी संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाव तलब किया जाएगा। संतुष्टिपूर्ण जबाव न मिलने पर एडीएम कोर्ट में वाद दायर कराया जाएगा।