चंदौसी राजघाट से कांवड़ में जल लेकर आते कांवड़िये।
- फोटो : CHANDAUSI
संभल/चंदौसी। महाशिवरात्रि को मंगलवार है, शिवालयों में जलाभिषेक होगा। इसके लिए सोमवार को पूरे दिन कांवड़ियों की देव नगरी हरिद्वार और राजघाट से वापसी होती रही। जिससे चहुंओर महादेव के जयकारों से रास्ते गूंजायमान रहे।
कई स्थानों पर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा सत्कार के लिए चल रहे शिविरों में पुष्प वर्षा का कांवड़ियों का स्वागत किया गया। उन्हें भोजन व प्रसाद ग्रहण कराया गया। सोमवार को कांवड़ जत्थे नगर से होकर गुजरे तो कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस भी पूरा दिन सड़कों पर दौड़ती रही। देर शाम तक हरिद्वार से कांवड़ियों के आने का सिलसिला जारी था। वहीं चंदौसी में आगरा-मुरादाबाद हाइवे पर बबराला-चंदौसी के बीच कांवड़ियों की सेवा के लिए दर्जनों स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया था। इन स्थानों पर कांवडियों को रोक-रोक कर जलपान कराया जा रहा था।
संभल के पातालेश्वर महादेव मंदिर सरायतरीन, झारखंडी महादेव मंदिर गुमसानी, प्रकटेश्वर महादेव मंदिर फत्तेहपुर भाऊ आदि मंदिरों को सजाया गया है। जहां कांवड़े चढ़ाई जाएंगी। इसकी तैयारियां कर ली गई हैं। इसके आलावा चंदौसी के सीता रोड स्थित मूंछों वाले शिव मंदिर, सुभाष रोड स्थित शिव मंदिर, बड़ा महादेव स्थित शिव मंदिर, मुंसिफ मार्ग स्थित शिव मंदिर, आवास विकास स्थित शिवालय, घटलेश्वर गेट स्थित शिव मंदिर, गांव मौलागढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर तथा गांव बेरनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर जलाभिषेक होगा।