लोगों को आत्म निर्भर बनाए जाने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम कर लोगों को इलेक्टि्रक चाक वितरण किए गए। बुधवार को सुबह करीब 11 बजे कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला ने लाभार्थियों को इलेक्टिक चाक समेत प्रमाण पत्र आदि वितरित किए। डीवीआईओ सत्यवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत मुख्य अतिथि ने 35 लाभार्थियों को इलेक्टि्रक चाक बांटे। इनमे ब्लॉक बहजोई के गांव रंपुरा निवासी महेश, चंदौसी के संभल गेट निवासी दीपक, असमोली के गांव दूल्हापुर के काशीराम, बहजोई के गांव चाटन के सोमवीर, संभल के कासिमपुर अमित आर्य, गुन्नौर के खजरा के सुखवीर व चंदौसी के मोहल्ला घटियागेट निवासी महेंद्र आदि शामिल हैं।
मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए कहा कि माटी कला का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण है। जीवन में माटी कला का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण है। जीवन की तरह ही इतिहास में परिवर्तन होता है। प्राचीन काल में मिट्टी के बर्तनों का ही अधिक प्रयोग होता था। इससे मानव का जीवन निरोगी होता था। माटी कला के उत्पादों को अधिक से अधिक अपनाया जाए, जिससे इस कला से जुड़े लोगों का आर्थिक व सामाजिक उत्थान हो सके। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि जब से सभ्यता का विकास हुआ है, तब से मिट्टी केंद्र में रही है। सभी गतिविधियों में मिट्टी का प्रयोग होता रहा है, इससे ही पुराने समय में लोग निरोगी रहते थे।
सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि बेरोजगार युवाओं, प्रशिक्षित व दक्ष लोगों को माटी कला से अधिक से अधिक जोड़ा जाए।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश प्रजापति ने बोलते हुए कहा कि सरकार की ओर से माटी कला से जुड़े सभी लोगों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। डीआईओ बृजेश कुमार व सुरेश कुमार आदि रहे।