चंदौसी। नगर पालिका के वार्ड 19 के गोलागंज में लोगों को रोजाना कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले में साफ-सफाई की हालत खराब है। यहां डेयरियों से निकलने वाला गोबर नालियों में बहने से हर समय तेज बदबू फैलती रहती है। कई जगह नालियां चोक रहती हैं। वार्ड की कई सड़कें उखड़ी पड़ी हैं और जगह-जगह गड्ढे होने से हादसे का खतरा बना रहता है। इसके अलावा कई बिजली के पोल झुके हुए हैं।
नगर पालिका के वार्ड 19 में एक मात्र मोहल्ला गोलागंज शामिल है। इस मोहल्ले में साफ-सफाई की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदहाल होती जा रही है। मोहल्ले में संचालित डेयरियों से निकलने वाला गोबर सीधे नालियों में बहाया जा रहा है, जिससे नालियां चोक हो रही हैं और पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैली रहती है। गंदगी के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। नालियों की नियमित सफाई न होने से पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश में हालात और भी खराब हो जाते हैं। वहीं वार्ड की कई सड़कें उखड़ी पड़ी हैं, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित है। इसके अलावा क्षेत्र में कई बिजली के पोल झुके हुए हैं, जो कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका से वार्ड की समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने और स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई है।
..................
गंदगी इतनी बढ़ गई है कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नालियों में पानी और गंदगी जमा रहती है। खासकर बारिश में हालात और भी खराब हो जाते हैं। कई बार नगर पालिका को शिकायत की, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
शाह आलम मंसूरी, स्थानीय निवासी
..............
डेयरियों का गोबर सीधे नालियों में बहाया जाता है। तेज बदबू के कारण घरों में रहना भी मुश्किल हो जाता है। सड़कों पर भी गंदगी पसरी रहती है।
मोहम्मद अबरार, स्थानीय निवासी
.............
सड़कें उखड़ी पड़ी हैं और जगह-जगह गड्ढे हैं। साथ ही, कई जगह नालियों के किनारे टूटे हुए है।
तुलाराम, स्थानीय निवासी
...........
डेयरियों की वजह से वार्ड में गंदगी पसरी रहती है। डेयरी संचालक अपने पशुओं का गोबर नालियों में बहाते हैं। जिससे हर समय गंदगी और दुर्गंध आती रहती है।
रियाज अहमद, सभासद
-
शहर के सभी वार्डों में सड़कों के गड्ढे भरने, उखड़ी सड़कों के निर्माण आदि को कार्य योजना में शामिल किया गया है। प्रस्ताव पास होने के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
धर्मराज राम, ईओ चंदौसी