बबराला(संभल)। नगर पंचायत की ओर से मुख्य बाजार में रेलवे स्टेशन मार्ग पर बड़ी पुलिया से अनूपशहर रेलवे फाटक तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके चलते आगामी 28 फरवरी तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर पंचायत ने रूट डायवर्जन लागू किया है। इससे राहगीरों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है।
नगर पंचायत चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय ने सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाते हुए जल्द से जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निर्माण अवधि के दौरान वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों से होकर निकलेंगे। नगर से मुख्य बाजार से होकर अनूपशहर से बदायूं, चंदौसी व अलीगढ़ आने-वाले वाहन व बुलंदशहर, गाजियाबाद व दिल्ली जाने वाले वाहन यारा फर्टिलाइजर्स रेलवे फाटक से रजपुरा–केसरपुर तिराहा होते हुए अनूपशहर की ओर जा सकेंगे। वहीं बदायूं की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन गुन्नौर के नेहरू चौक से नरोरा, डिबाई व बुलंदशहर मार्ग का उपयोग करेंगे।
नगर पंचायत प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें। हालांकि नगर पंचायत बबराला के मुख्य बाजार में रेलवे स्टेशन मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते कई किलोमीटर का फेर से लेकर दूसरे मार्गों से होकर राहगीरों को जाना पड़ रहा है। यह समस्या 28 फरवरी तक रहेगी।