चंदौसी। जिले के गांव आटा में बन रही डायट का निर्माण कार्य बजट के अभाव में पिछले करीब डेढ़ माह से रुका हुआ है। मुख्य प्रशासनिक भवन का भी अभी तक 62 फीसदी निर्माण हुआ है। विभाग और कार्यदायी संस्था बजट का इंतजार कर रही है। बजट मिलने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा होने में एक साल लगने की संभावना है। इसका नुकसान जिले में प्रशिक्षण देने वाले टीचर्स को उठाना पड़ रहा है। यहां से करीब 90 किलोमीटर की दूरी तय करके प्रशिक्षण के लिए मुरादाबाद जनपद की कांठ स्थित डायट जाना पड़ता है।
संभल जिला बने हुए करीब 11 साल हो गए हैं। वर्ष 2020 में जिले में डायट (शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान केंद्र) बनाए जाने की स्वीकृति मिली थी। इसके लिए शासन से करीब 7.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। शासन ने कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड मुरादाबाद को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी थी। साथ ही 1.60 करोड़ रुपये की धनराशि की पहली किश्त भी जारी की थी।
कार्यदायी संस्था ने अक्तूबर 2020 में निर्माण कार्य शुरू किया था तथा मार्च 2022 तक पूरा करना था। प्रशासन की ओर से चंदौसी तहसील क्षेत्र के गांव आटा में उपलब्ध कराई भूमि पर संस्था ने निर्माण कार्य शुरू कराया। साथ ही शासन से मिली पहली किश्त की धनराशि से मुख्य प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य कराया। पहली किश्त का बजट खर्च होने के बाद संस्था ने निर्माण कार्य रोक दिया है। सफेट पुट्टी करने का छोटा-मोटा कार्य कर रही है।
मुख्य भवन का 62 फीसदी हुआ काम
शासन के निर्देश पर कार्य की प्रगति रिपोर्ट के लिए डीएम के निर्देश पर चार सदस्य समिति बनाई गई थी। समिति ने डीएम के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजी गई। जिसमें बताया है कि मुख्य भवन का 62 प्रतिशत निर्माण कार्य हुआ है। स्वीकृति लागत का भी अभी 21 फीसदी बजट ही संस्था को मिला है। अभी करीब 5.9 करोड़ का बजट जारी होना शेष है।
डायट में यह कार्य होना है प्रस्तावित
गांव आटा में बन रही डायट में मुख्य प्रशासनिक भवन दो मंजिला, हॉस्टल, ओडिटोरियम, ओवर हेड टैंक, सोलर सिस्टम, रेन वाटर हॉर्वेस्टिंग का निर्माण होना प्रस्तावित है। अभी केबल प्रशासनिक भवन का ही कार्य चल रहा है।
प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षुओं को तय करनी पड़ती है 90 से 120 किलोमीटर की दूरी
जिले के टीचर्स को प्रशिक्षण के लिए मुरादाबाद जनपद की कांठ स्थित डायट में जाना पड़ता है। चंदौसी से कांठ की दूरी करीब 90 किलोमीटर है। बबराला और गुन्नौर क्षेत्र के प्रशिक्षुओं को यह दूरी 120 किलोमीटर है। यहां से जाने वाले प्रशिक्षुओं को परेशानी उठानी पड़ती है।
डायट निर्माण के लिए अभी बजट की दूसरी किश्त नहीं मिली है। कार्य की प्रगति रिपोर्ट भी डीएम के माध्यम से शासन को जा चुकी है। निर्माण कार्य भी रुका हुआ है। शासन को मांग भेजी गई है। मार्च 2022 तक निर्माण पूरा होना था, लेकिन बजट की वजह से निर्माण रुका हुआ है।
संजय कुमार रस्तोगी, प्रभारी प्राचार्य डायट संभल/एडी बेसिक, मुरादाबाद