बबराला (संभल)। पहाड़ों पर लगातार बारिश के बाद मंगलवार को गंगा के जलस्तर में 66 सेंटीमीटर बढ़कर खतरे के निशान से सिर्फ 0.5 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। खतरे का निशान 178.76 मीटर है। जबकि इस समय गंगा 178.26 मीटर पर बह रही है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
पहाड़ों पर बारिश का सिलसिला जारी है। हरिद्वार और बिजनौर बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे नरौरा बैराज पर गंगा का जलस्तर भी बढ़ा है। 24 घंटे में 66 सेंटीमीटर तक गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। खतरे के निशान से गंगा 0.5 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जिससे गंगा किनारे के लोगों की नींद उड़ने लगी है। प्रशासन भी बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क है। मंगलवार सुबह नरौरा गंगा बैराज पर ऊपर में 155868 क्यूसेक, जबकि डाउन में 140452 क्यूसेक पानी बह रहा था। जबकि सोमवार को ऊपर में 77599 क्यूसेक और डाउन में 62189 क्यूसेक पानी था। वहीं एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बारिश के बाद हरिद्वार और बिजनौर से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इसी वजह से गंगा का जलस्तर नरौरा बैराज पर बढ़ा है। बढ़ते जलस्तर को देखकर तहसील प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।