चंदौसी। दिवाली के त्योहार की तैयारियां चल रही हैं। वहीं हनुमानगढ़ी क्षेत्र में दो दिन से पेयजल संकट गहरा गया है। घरों की टोटियों में नगर पालिका का पानी नहीं पहुंच रहा। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पालिका के अधिकारियों का कहना है कि एक ट्यूबवेल खराब होने से पेयजल आपूर्ति का समय तीन घंटे की जगह दो घंटे कर दिया गया है। वहीं लोगों का कहना है कि दो दिन से बूंद भर भी पानी नहीं आया है।
बता दें कि हनुमानगढ़ी क्षेत्र में रविवार की सुबह से नगर पालिका की टोटियों में पानी नहीं आ रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिनके घरों में सबमर्सिबल लगे हैं उन्हें तो परेशानी नहीं हुई। जिन घरों में सबमर्सिबल नहीं लगे हैं, उन्हें पेयजल के लिए सरकारी हैंडपंप या पड़ोसी के घर का सहारा लेना पड़ रहा है।
वहीं रोटरी नेत्र चिकित्सालय के पास पेयजल पाइप लाइन में लीकेज भी हो गई। इससे दूसरे ट्यूबवेल से दी गई सप्लाई के बावजूद प्रेशर नहीं होने से घरों की टोटियों में पानी नहीं आ सका। हनुमानगढ़ी रोड के रहने वाले अनंत शर्मा ने बताया कि रविवार की सुबह से नगर पालिका की पाइप लाइन में पानी नहीं आया है।
ढाई माह से उखड़ा सरकारी हैंडपंप अभी तक सहीं नहीं हुआ
चंदौसी। नगर पालिका के जलकल विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही की हद हो गई। नगर की गणेश कॉलोनी गली नंबर 7बी में लगा सरकारी हैंडपंप कुछ माह पहले खराब हो गया था। मोहल्ले वालों की शिकायत पर जलकल विभाग के कर्मचारी हैंडपंप सही करने के लिए मौके पर पहुंचे और हैंडपंप का हत्था आदि निकाल कर ले गए। विवेक कुमार ने बताया कि कर्मचारी तीन-चार दिन में हैंडपंप सही करने की बात कह कर गए थे। ढाई माह बीत गया। अभी तक इधर रुख नहीं किया है। हैंडपंप खराब होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
हनुमानगढ़ी का एक ट्यूबवेल खराब हो गया था। इस दौरान भी दूसरे ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई दी गई। जिस कारण पेयजल आपूर्ति की समय सीमा तीन से घटाकर दो घंटे कर दी गई थी। फिलहाल खराब ट्यूबवेल भी सही करा दिया गया है। नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-धर्मराज राम, ईओ चंदौसी