चंदौसी। नीट में चयनित एमबीबीएस छात्र आशीष (20) की रविवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने दोस्त प्रांजल के साथ खरीदारी करने गया था।
परिजनों के अनुसार, उनकी बाइक एक ई-रिक्शा से टकराई और बाद में एक अज्ञात वाहन ने आशीष को अपनी चपेट में ले लिया। मौत के साथ उसके डॉक्टर बनने का सपना भी अधूरा रह गया।
आशीष को बेंगलुरु के मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिला था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। नगर के मोहल्ला गणेश कॉलोनी निवासी संजय के छोटे बेटे आशीष की पढ़ाई में काफी रुचि थी। रविवार शाम वह अपने दोस्त प्रांजल के साथ बाइक से खरीदारी के लिए निकला था। मुरादाबाद रोड पर नलकूप कॉलोनी के पास उनकी बाइक ई-रिक्शा से टकरा गई।
हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आए एक वाहन ने आशीष को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल आशीष को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे दिल्ली ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।