संभल। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। कुत्ते लोगों के साथ ही बच्चों को काट रहे हैं। जिला अस्पताल में रोजाना करीब दर्जनभर नए लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया जा रहा है। कुत्तों द्वारा हमला किए जाने से शहर एवं देहात क्षेत्र के लोग परेशान हैं। अक्तूबर महीने से अब तक जो लोग जिला अस्पताल में एंटी एंटी रैबीज लगवाने के लिए पहुंचे हैं, वह सरायतरीन, दीपा सराय, चमन सराय, बेगम सराय, फिरोजपुर, सिरसी, मिलक सिरसी, सिहावली, सौंधन, मिलक सौंधन के हैं। रोजाना करीब 12 लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया जा रहा है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। जबकि वह लोग अलग से हैं जिनके लिए पहली बार इंजेक्शन लगवाते वक्त अगली बार आने की तिथि निर्धारित कर दी जाती है।
जिला अस्पताल के कार्यवाहक सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने कहा कि एक वायल में चार लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में इस इंजेक्शन की भरपूर वायल का स्टॉक है। चूंकि कुत्ते लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं, इसलिए उन्हें सतर्क रहने जरूरत है। अगर कुत्ता काटता है तो 24 घंटे के भीतर जिला अस्पताल आकर पहला इंजेक्शन जरूर लगवा लिया जाए।