मीट की दुकानें बंद होने के बाद लोगों पर एक और आफत टूट पड़ी है। संभल जिले में पिछले 24 घंटे में खूंखार कुत्तों ने बीस मासूमों को नोच डाला है। इसमें सबसे अधिक सात मासूम सरायतरीन के हैं। इन सभी को जिला अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए लाया गया है।
पीड़ितों का कहना है कि, ये कुत्ते बचा हुआ मीट खाया करते थे। अब मीट नहीं मिल पाने से बेकाबू हो रहे हैं। इधर, जिला अस्पताल के सीएमएस डा. आफताब इकबाल का कहना है कि जिला अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन का आंकड़े बताते हैं कि केस बढ़े हैं।
संभल, सरायतरीन, सिरसी, ओबरी समेत 20 गांवों में मीट की दुकानें पूरी तरह से बंद हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि, इससे आवारा कुत्तों को निवाला नहीं मिल पा रहा है, नतीजतन वे खूंखार हो गए हैं। यह मुद्दा उठाते हुए सोमवार को कुछ लोगों ने प्रशासन से समस्या का समाधान कराने की मांग की। 24 घंटे में बीस मासूमों पर हमला हुआ है। इन्हें जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाई गई है।
इन मासूमों पर 24 घंटे में किया कुत्तों ने हमला
संभल। सरायतरीन के निवासी नवी जान पुत्र अनीस, हस्सान पुत्र युसुफ, हसीमरजा पुत्र फैजल हसन, समद पुत्र ताहिर, समीर पुत्र मकलूब, सुरेश पुत्र रामसिंह, विनेश पुत्री रमेश पर पिछले चौबीस घंटे में कुत्तों ने हमला किया है। संभल नगर के हल्लू सराय निवासी तीन वर्षीय मासूम गौरव पुत्र नवाब सिंह, चौधरीसराय निवासी फरमान पुत्र अनीस, हयातनगर के सात वर्षीय अजय पुत्र सुंदर पाल कुत्ता काटने से घायल हुए हैं।
जिले के नगला गांव की मोनिसी पुत्री लइक, महोरा लखूपुरा के लोकेश पुत्र रोहताश, सरजू पुत्र जीतपाल, रायपुर के दुर्गेश पुत्र कृपाल, नारंगपुर की धनवती पुत्र होरीलाल, सौंधन के विशाल पुत्र रोहताश, भदरौला के अमरदीप पुत्र मुकेश सिंह, केशोपुर भंडी की कुसुम पुत्री बिजेंद्र, खरसफा के जतिन पुत्र विजयपाल, गोहत के मोहित पुत्र ऋषिपाल को चौबीस घंटे में कुत्ते ने काटा है।