संभल। तहसील सभागार में जिलाधिकारी ने चिकित्सकों के साथ बैठक की है। इसमें उन्होंने कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरतने के लिए निर्देश दिए हैं। बैठक में मौजूद सिर्फ तीन चिकित्सक ही कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाए हुए थे। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जब चिकित्सक ही मास्क नहीं लगाएंगे तो फिर वे आम लोगों को कैसे जागरूक करेंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी अमिता सिंह ने सभी चिकित्सकों को मास्क लगाने के निर्देश दिए। जिससे जागरूकता भी फैले। हालांकि मरीजों को देखने के दौरान चिकित्सक मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन इसके अलावा भी मास्क लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को सुबह 11 बजे तहसील सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिले भर के निजी एवं सरकारी चिकित्सकों के साथ बैठक में कहा कि कोरोना वायरस देश में आ चुका है। कई लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। इसलिए चिकित्सकों की जिम्मेदारी है कि वह इस वायरस से निपटने के लिए तैयार रहें। टीम का गठन किया जाए। आईसोलोशन वार्ड निजी अस्पतालों में भी बनाए जाएं। आईएमए के चिकित्सक भी भागीदारी करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में बैठक करें। ग्राम प्रधान, बीडीओ और डीपीआरओ का सहयोग लें। ग्रामीणों को कोरोना वायरस से बचाव के तरीके बताएं और मास्क लगाने की हिदायत दें। क्षेत्रीय आशाओं और एएनएम को भी जागरूकता फैलाने के लिए निर्देश दिए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि वह कोरोना वायरस से निपटने और बचाव के अभियान का नेतृत्व स्वंय करेंगे। उन्होंने लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेेतावनी दी है।
यह करें बचाव
मुख्य चिकित्साधिकारी अमिता सिंह ने कोरोना वायरस के बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि हाथों की सफाई महत्वपूर्ण है। कम से कम 20 सेकेंड तक हाथों को साफ करें। और समय समय पर हाथ धोते रहे। खांसी और छींक आने पर रुमाल का इस्तेमाल करें। फल और सब्जी धोकर ही इस्तेमाल करें। किसी वस्तु को छूने के बाद चेहरे पर हाथ न लगाएं।
बुखार आने पर क्या करें
संभल। सीएमओ डा. अमिता सिंह ने बताया कि बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं और चिकित्सक से परामर्श लें। सिर, हाथ, पांव और पेट पर सामान्य पानी की पट्टी रखें। बुखार के समय पानी एवं अन्य तरल पदार्थ नारियल पानी, शिकंजी और ताजा फलों का रस आदि का सेवन करें। हल्के सूती वस्त्र पहनें एवं कमरे को ठंडा रखें। झोलाछाप चिकित्सकों से बचें। बिना चिकित्सक की सलाह के अनावश्यक दवाइयों का सेवन न करें।
नगर पालिका टीम भी करे जागरूक
संभल। जिलाधिकारी ने कहा है कि कोरोना वायरस की जानकारी के लिए पंफलेट्स छपवाएं और लोगों को जागरूक करें। वहीं उन्होंने नगर पालिका टीम को भी जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने के लिए कहा है। नगर पालिका की टीम वार्डों में घूम कर लोगों को कोरोना वायरस के बचाव के लिए जागरूक करेगी। जिससे सभी लोग इस खतरनाक बीमारी से सचेत रह सकें। कोई व्यक्ति इसकी चपेट में न पाएं।