संभल। त्योहर को लेकर जिले में चिकित्सकों की छुट्टियों पर पाबंदी लगा दी गई। इसके साथ ही दिवाली, गोवर्धन और भैया दूज के मौके पर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों के साथ ही फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और सफाईकर्मी की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। सीएमएस का कहना है कि अगर कोई ड्यूटी से अनुपस्थित रहता है तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।त्योहार के मौके पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए जिला अस्पताल में व्यवस्था की गई है। सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि 19 से 23 अक्तूबर तक इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। डॉक्टरों की दो शिफ्ट 12-12 घंटे की है। इसमें पहली शिफ्ट सुबह 8 से रात 8 बजे तक और दूसरी शिफ्ट रात 8 से सुबह 8 बजे तक रहेगी। फार्मासिस्ट 8-8 घंटों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे। जबकि वार्ड बॉय और सफाईकर्मी द्वारा तीन शिफ्टों में ड्यूटी की जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और अन्य स्टाफ को शिफ्ट के अनुसार ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की जाएगी।