बबराला में रूटमार्च के दौरान बातचीत करते एडीजी बरेली जोन।
- फोटो : अमर उजाला
अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन बढ़ते अपराध पर नियंत्रण रखने को ख्ाुद ही सड़कों पर उतरे। उन्होंने महाविरात्रि से पहले पुलिस बल के साथ बबराला कस्बे में रूटमार्च किया। वह जिले में चल रहे जुआ सट्टे से काफी खफा दिखे, उन्होंने खुद जाकर एक सट्टेबाजी के सरगना बताए जा रहे व्यक्ति के यहां दबिश दी। पुलिस ने उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। चेतावनी दी कि यदि बबराला व गुन्नौर में सट्टा नहीं बंद हुआ तो वह कभी भी यहां आकर स्वयं छापेमारी कर सकते हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश शनिवार की शाम साढ़े छह बजे जिले के कस्बा बबराला में पहुंच गए। यहां मुख्य चौराहे इंदिरा चौक पर जिले के पुलिस अधीक्षक रवि शंकर छवि व पुलिस क्षेत्राधिकारी गुन्नौर के द्वारा उनकी अगवानी की गई। इसके बाद वह पुलिस बल को साथ लेकर स्टेशन मार्ग पर पैदल मार्च करते हुए कस्बा के सर्राफा बाजार पहुंचे। इस दौरान किसी ने बबराला में सट्टा होने की सूचना दे दी।
उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी सुदेश कुमार व प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार को कस्बे में सट्टेबाजों पर कारवाई करने के निर्देश दिए। सीओ एक मोहल्ले में पहुंचे और सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। बताते हैकि पकड़े गए युवक का पिता क्षेत्र में सट्टेबाजी का सरगना है। क्षेत्र में कानून का राज स्थापित करने के लिए दबंग व गुंडों पर सख्त कार्रवाई करनी होगी। करीब डेढ़ घंटे के दौरे के बाद वह चले गए।