बहजोई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति और जिला गंगा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रभागीय वन विभाग अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद को शासन के द्वारा दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष 22 जुलाई को 20.69 लाख और 15 अगस्त को 4.27 लाख का पौधारोपण किया गया। जिसमें लगभग 23 कार्यदाई विभागों द्वारा पौधारोपण किया गया है।
प्रभागीय वन विभाग अधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों से कहा कि शासन के द्वारा जो विभागीय लक्ष्य प्रदान किया गया था। उसके अनुसार पौधारोपण किए जाने का प्रमाण पत्र वन विभाग को शीघ्र ही उपलब्ध करा दें। तथा प्रभागीय वन विभाग अधिकारी ने कहा कि कार्यदाई विभाग वृक्षारोपण से संबंधित एक नोडल अधिकारी अपने विभाग में बना लें। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वन विभाग अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि एक टीम गठित करते हुए जिन विभागों की 100 से कम पौधारोपण साइट हैं।
उनके रेंडम आधार पर दो-दो साइटों का तथा जिनके 100 से अधिक साइट हैं उनकी 2 प्रतिशत साइटों का निरीक्षण करें। पौधों की सुरक्षा पर्याप्त है या नहीं समय से पानी दिया जा रहा है या नहीं तथा केयरटेकर लगा हुआ है या नहीं उसको भी प्रत्येक दशा में देख लें। एवं इसकी रिपोर्ट 15 दिन में उपलब्ध कराएं। जिला गंगा समिति की बैठक में नमामि गंगे के अंतर्गत गंगा ग्रामों में कार्य की प्रगति सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट,अर्थ गंगा पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। कैनेपी लगाने को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला गंगा समिति की सदस्यों से सुझाव भी प्राप्त किए गए। इस दौरान अधिकारी मौजूद रहे।