बहजोई(संभल)। शादी समारोह में डीजे पर डांस करते समय हुए विवाद में जिला मुरादाबाद के थाना बिलारी के गांव सरथल खेड़ा निवासी आठ लोग घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना तीन जून की रात करीब एक बजे हुई।
बृहस्पतिवार को गांव रंपुरा निवासी मोहनलाल के घर सरथल खेड़ा से बरात आई थी। रात में डीजे पर डांस करते समय एक बराती पास ही गड्ढे में कीचड़ में गिर गया। इसके बाद बरातियों व ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई। मारपीट में बिलारी के गांव सरथल खेड़ा निवासी रवि समेत अतुल, सौरभ, शेरपाल, अजय, करतार सिंह, मोहित व चमन घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
दरोगा कपिल कुमार ने बताया कि डीजे पर डांस करते समय बरात में शामिल एक युवक पास ही एक कीचड़ भरे गड्ढे में गिर गया था। बराती ने ग्रामीणों पर धक्का देकर कीचड़ में गिराने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। प्रभारी इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया कि पूरे मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।