सरायतरीन। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी संजय (26) पुत्र रघुनंदन की हत्या प्रेम-प्रसंग में किए जाने की चर्चा है। पुलिस ने अकबरपुर गांव निवासी तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हत्या के इस मामले में आरोपी बनाए गए धलेंद्र की सास, ससुर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
संजय के पिता रघुनंदन ने बताया कि रविवार की दोपहर में संजय यह कहकर घर से निकला था कि वह 12 वर्षीय फुफेरे भाई को उसके गांव निजामपुर छोड़ने जा रहा है। यह गांव रजपुरा थाना क्षेत्र में पड़ता है, जबकि संजय भी गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। ऐसे में वह कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव साकिन शोभापुर मिलक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। रघुनंदन ने पुलिस को दी तहरीर में पुरानी रंजिश के चलते संजय की हत्या कर देने की बात कही है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अकबरपुर निवासी महेंद्र और उसके बेटे भूपेंद्र के अलावा धलेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर अब चर्चा है कि आरोपियों में से किसी एक की पत्नी से संजय की दोस्ती थी। इसको लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। इसी के चलते हत्या हुई है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। पुलिस रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद बता रही है।