संभल। ईद मिलने पड़ोसी गांव पल्था निवासी दोस्तों के घर जा रहे मौलाना इकराम (21) पुत्र अकरम निवासी शाहपुर सोत थाना असमोली को टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में इकराम की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार की सुबह छह बजे के करीब परियावली अड्डे के निकट हुआ।
इकराम के चाचा जुनैद ने बताया कि इकराम सोमवार की सुबह दोस्तों से ईद मिलने के लिए पड़ोसी गांव पल्था जा रहे थे। रास्ते में टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल लाया गया। शव को पीएम के लिए भेजने की कार्रवाई हुई तो परिजनों ने मना कर दिया। जिसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इकराम चार भाई और एक बहन में सबसे बड़े थे। इकराम की मौत से मां रिहाना का रो-रोकर बुरा हाल है।