संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर बुजुर्ग की मढ़ैया के जंगल में मंगलवार सुबह गोवंश का शव मिलने पर जंगली जानवर का शोर का मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर जानवर के पंजों के निशान मिले। एहतियात के तौर पर वन विभाग ने घटनास्थल के आसपास दो सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मंगलवार की सुबह भदरौला गांव के निवासी भूपेंद्र खेत पर जा रहे थे। रास्ते में उनकी नजर गांव के ही मनोज के खेत में गोवंशीय पशु के शव पर पड़ी। भूपेंद्र ने बताया कि शव देखने से लग रहा था कि किसी जंगली जानवर ने पशु को मारा है। सूचना पर बहरामपुर गांव के लोग भी पहुंच गए और जंगली जानवर की आशंका के चलते वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। डिप्टी रेंजर उस्मान अली ने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मौके पर मिले पंजों के निशान दो-तीन दिन पुराने हैं। इसलिए कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। हालांकि, एहतियात तौर पर घटनास्थल क्षेत्र में गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दो सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले इस क्षेत्र में जंगली जानवर देखा गया था।