चंदौसी। भारत विकास परिषद ने अपना स्थापना दिवस व गुरु पूर्णिमा का पर्व गांव रतनपुर खुर्द के आवासीय दिव्यांग विद्यालयों में मनाया। इस अवसर पर परिषद की ओर से विद्यालयों के शिक्षकाें को सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के समापन पर संगठन पदाधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
रतनपुर खुर्द के दिव्यांग विद्यालय में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों को सम्मानित कर की गई। फिर नेत्रहीन बच्चों ने वाद्य यंत्रों के साथ सुंदर-सुंदर भजन गाकर सभी का मनमोह लिया। इसके बाद मूक बधिर बच्चों ने देशभक्ति से संबंधित प्रस्तुति दी। इस दौरान बच्चों में खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
शाखा सचिव विपिन कुमार ने बताया कि दिव्यांग बच्चे भी समाज का अभिन्न अंग है। इनके पास दुनिया को देखने का एक अनूठा दृष्टिकोण होता है। अपनी लगन और परिश्रम के बल पर ये बच्चे ऐसे विशेष काम कर जाते हैं, जो अन्य सामान्य बच्चों व समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं।
वहीं प्रवीण गुप्ता ने कहा कि इन बच्चों के प्रति हमारा दृष्टिकोण सकारात्मक व व्यवहार स्नेहपूर्ण होना चाहिए ताकि इनके अंदर किसी प्रकार की हीन भावना उत्पन्न न हो। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह यादव, प्रभात कृष्णा, श्वेता गुप्ता, संजय कुमार गुप्ता, डाॅ. जयशंकर दुबे, डीसी गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, नारायण दास आदि मौजूद रहे।