चंदौसी में सुंदरकांड का पाठ करते श्रद्धालु: स्रोत- आयोजक
चंदौसी। सीता रोड के गणेश मंदिर पर रविवार को संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन स्वामी भूमानंद सेवा ट्रस्ट की ओर से किया गया। पाठ के बीच-बीच में मनमोहक भजनों की छटा बिखरी। इस दौरान श्रद्धालु श्रीराम और बजरंगबली की भक्ति में लीन नजर आए। पूरा मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
रविवार को गणेश मंदिर पर सुंदरकांड की शुरूआत गणेश वंदना, हनुमान चालीसा, बजरंगबाण और श्रीराम स्तुति के गायन के साथ की गई। फिर ट्रस्ट के सदस्यों ने सुंदरकांड की चौपाइयों का विस्तार पूर्वक व्याख्यान किया। पाठ के बीच - बीच में भजनों को दौर शुरू हुआ। भजनों की शृंखला में केजी शर्मा ने राधिका गोरी से ब्रज की छोरी से मैया करा दो मेरा ब्याह और शालिनी अरोरा ने मनिहारी का वेश बनाया श्याम चूड़ी बेचने आया आदि भजनों की प्रस्तुति दी।
पाठ के समापन पर आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया। ट्रस्ट के सदस्य बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि सुंदरकांड के पाठ से परिवार में खुशहाली और समृद्धि आती है। इस अवसर पर ललित किशोर गुप्ता, सुधीर गुप्ता, रविंद्र कुमार गुप्ता, राजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, शेखर गुप्ता, वरदान गुप्ता, सुशांत गुप्ता, जेएन मिश्रा, राजीव शर्मा, रमेश ग्रेवाल, कल्पना वाष्र्णेय, आलोक दुबे आदि मौजूद रहे।